Advertisement

गांधीनगर क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच का विजेता बना टीम स्वर्णरेखा

सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत सीसीएल द्वारा क्रिकेट मैच का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची के गांधीनगर स्थित क्रिकेट ग्राउंड में 10 अक्टूबर को मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मैच में टीम स्वर्णरेखा विजेता बना।

सीसीएल मुख्यमंत्री रांची के सीसी एवं पीआर विभाग के अनुसार सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत टीम कावेरी और टीम स्वर्णरेखा के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य खेल भावना, आपसी सौहार्द, टीम भावना एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।

मैच में सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम कावेरी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 152 रन बनाए। जवाब में उतरी निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र के नेतृत्व में टीम स्वर्णरेखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19वें ओवर में 2 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। मैच में उत्कृष्ट गेंदबाजी का प्रदर्शन करने वाले अमरेश प्रधान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्होंने अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से 4 विकेट हासिल किए।

इस अवसर पर सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार ने सभी खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की तथा विजेता टीम स्वर्णरेखा को बधाई दी। अवसर विशेष पर निदेशक तकनीकी (संचालन) चंद्र शेखर तिवारी एवं निदेशक (परियोजना एवं योजना) अनुप हंजुरा भी उपस्थित थे। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेवानिवृत खेल प्रबंधक आदिल हुसैन को भी सम्मानित किया गया।

आयोजित मैत्रीपूर्ण मुकाबले ने कार्यस्थल पर आपसी सहयोग, सौहार्द, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सतर्कता जागरूकता अभियान के मूल संदेश ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक आचरण को भी खासतौर से रेखांकित किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *