Advertisement

गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर नर्चर किड्स स्कूल द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली

प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। स्वच्छता, स्वस्थ पर्यावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में नर्चर किड्स स्कूल करगली द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न पोस्टर, बैनर एवं नारों के माध्यम से आमजनों को स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

बताया जाता है कि रैली नर्चर किड्स स्कूल से प्रारंभ होकर गांधी चौक करगली गेट तक गई और पुनः विद्यालय परिसर में वापस लौटी। पूरे मार्ग में विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं जागरूकता से संबंधित संदेशों के माध्यम से स्थानीय रहिवासियों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर फुसरो नगर परिषद की अध्यक्ष निर्मला देवी एवं नगर परिषद की उपाध्यक्ष रेनू देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रही। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ जय राठौर ने जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। कहा कि जब बच्चे स्वयं स्वच्छता का संदेश लेकर समाज के बीच जाते हैं, तो इसका प्रभाव बच्चों के साथ-साथ उनके परिवार और पूरे समुदाय पर भी पड़ता है।

उन्होंने कहा कि इस रैली का उद्देश्य केवल आमजनों को स्वच्छता का संदेश देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार देशवासी बनने और समाज के प्रति अपनी भूमिका समझने के लिए प्रेरित करना भी है। विद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ ने रैली के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई तथा विद्यार्थियों के साथ पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ हीं स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और स्वच्छ भारत के संकल्प को दोहराया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *