प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार के खत्री टोला की बेटी यूरी सेठी युवा कोर्फबॉल खेल जगत में एक और उपलब्धि हासिल की है। यूरी को कोर्फबॉल प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 में गुजरात रॉयल्स की कप्तानी सौंपी गई है। इस उपलब्धि से पेटरवार सहित बोकारो और पूरे झारखंड में हर्ष और गर्व का माहौल है।
भारत में कोर्फबॉल को प्रोफेशनल मंच देने के उद्देश्य से शुरू की गयी केपीएल-2026 का पहला संस्करण बीते 19 सितंबर से आगामी 4 अक्टूबर तक देश की राजधानी नई दिल्ली के त्यागराज इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। लीग का उद्घाटन देश के संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने किया मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद भी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि, केपीएल को भारत की पहली प्रोफेशनल मिश्रित-लिंग कोर्फबॉल लीग के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक ही टीम में खेलते हैं। लीग की थीम नया खेल नई सोच है। आठ फ्रेंचाइजी टीमें मैदान में खेल रहे है। उद्घाटन संस्करण में दिल्ली धुरंधर्स, गुजरात रॉयल्स, तेलुगु लीजेंड्स, फतेह वॉरियर्स, दंगल वॉरियर्स, आमची टाइटन्स, यूपी हसलर्स और थाला स्ट्राइकर्स सहित आठ फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों के साथ 14 देशों के 112 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुकी यूरी सेठी इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अगस्त 2025 में चीन के लेशान में आयोजित आईकेएफ यू21 एशिया -ओशिनिया कोर्फबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का हिस्सा रही है। अगस्त 2026 में मलेशिया के निलाई में आयोजित आईकेef यू21 विश्व कोर्फबॉल चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम की उप कप्तान के रूप में हिस्सा लिया। केपीएल की आधिकारिक सामग्री में भी यूरी को प्रमुख भारतीय महिला कोर्फबॉल खिलाड़ियों में स्थान दिया गया है।
यूरी सेठी बोकारो जिला के हद में पेटरवार के खत्री टोला रहिवासी स्व. विद्या सागर महथा की पौत्री तथा विशेष कुमार और अन्नू सेठी की पुत्री हैं। विद्या सागर महथा वैज्ञानिक आधार पर संयुक्त गत्यात्मक ज्योतिष के संस्थापक के रूप में विख्यात रहे हैं। यूरी की इस उपलब्धि से पेटरवार और बोकारो जिले के खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है। स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली ऐसी युवा प्रतिभाएं क्षेत्र के बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। केपीएल में गुजरात रॉयल्स की कप्तानी के साथ यूरी सेठी ने पेटरवार का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मंच पर पहुंचाया है।
![]()













Leave a Reply