रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखण्ड +2 शिक्षक संघ बोकारो के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह ने झारखंड सरकार से 2012 बैच के सभी अर्हताधारी पीजीटी शिक्षकों को अतिशीघ्र वरीय वेतनमान देने की मांग की है।
संघ की मासिक बैठक 20 सितंबर को बोकारो के सेक्टर पांच स्थित पुस्तकालय मैदान में जिलाध्यक्ष सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गयी, जिसमें संघ ने एक स्वर से सभी अर्हताधारी पीजीटी शिक्षकों को वरीय वेतनमान देने की मांग की।
बैठक में संघ ने प्रस्ताव पारित कर शिक्षकों के हित में ससमय निर्णय नहीं लिए जाने पर निराशा व्यक्त की। सचिव डॉ अवनीश कुमार झा ने कहा कि शैक्षणिक कार्यों के अलावा निर्वाचन, जनगणना, मतगणना, भवन गणना, एसआईआर समेत कई अन्य गैर शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकगण लगाए जाते रहे हैं, लेकिन उनको देय वाजिब मांग की पूर्ति में सरकार द्वारा देरी किए जाने पर शिक्षक समाज में गहरी हताशा फैलती है।
उपाध्यक्ष कौशल कुमार मुखर्जी ने कहा कि शिक्षकों का मासिक वेतन हर माह की पहली तारीख को होना जरूरी है। समय से वेतन प्राप्ति न होने से शिक्षक आर्थिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से असहाय महसूस करते हैं। कोषाध्यक्ष राजदेव साहू ने सभी सदस्यों से वर्ष 2026 का संगठन का सदस्यता शुल्क एक माह के अंदर जमा करने का आग्रह किया। उपाध्यक्ष लाल चंद रजक एवं संयुक्त सचिव डॉ शक्ति पद महतो ने विश्व योग दिवस, जनगणना एवं एसआईआर कार्य में लगे सभी शिक्षकों को क्षतिपूरक अवकाश प्रदान करने की मांग जिला प्रशासन से की। संगठन मंत्री ब्रजेश कुमार एवं उप संगठन मंत्री मुकेश कुमार यादव ने सभी सदस्यों से संघ की बैठक में नियमित उपस्थित रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संघ द्वारा बोकारो जिले के शिक्षकों एवं प्रयोगशाला सहायकों को विद्यालय में दिए जा रहे उनके कुशल योगदान को दृष्टिपथ में रखते हुए उन्हें सम्मानित करने पर चर्चा की गई। इस संबंध में प्रस्ताव के साथ अगली बैठक में उपस्थित रहने का पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। बैठक में लंबित मुद्दों के समाधान हेतु उपायुक्त बोकारो एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी से मिलने हेतु जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह एवं सचिव डॉ अवनीश कुमार झा को कार्यसमिति ने अधिकृत किया।
![]()













Leave a Reply