प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। देश के पड़ोसी देश नेपाल में हुई त्रासदी के बाद आई बाढ़ की तबाही का असर सारण जिला के हद में सोनपुर में भी दिख रहा है। बाढ़ के पानी से नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे अधिक निचले इलाके और दियारा क्षेत्र के रहिवासी परेशान हैं। घरों, आसपास के स्थलों और खेतों में बाढ़ का पानी घुसने से आमजनों को आवागमन, खान-पान और मवेशियों के चारे तक की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बीते दिन से बाढ़ का पानी धीरे-धीरे उतरने लगा है, लेकिन मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं।
ज्ञात हो कि, प्रशासनिक स्तर पर राहत कार्य जारी है। कई जगहों पर समाजसेवी और जनप्रतिनिधि बाढ़ प्रभावितों के लिए निःशुल्क भोजन और जरूरी सामग्री पहुंचा रहे हैं। इस क्रम में सोनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी अरोमा मोदी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार, अंचलाधिकारी राजकुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने बाढ़ प्रभावितों के लिए प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क सामुदायिक किचन शेड में पहुंचकर प्रभावितों को खाना परोसा और उनके साथ बैठकर स्वयं भी भोजन ग्रहण किया।
इस अवसर पर उपरोक्त अधिकारियों ने सामुदायिक भवन और स्काउट गाइड कैंप में चल रहे किचन शेड तथा बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता और सरकार से मिलने वाली सहायता के बारे में भी जानकारी ली। ज्ञात हो कि जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल में बाढ़ से घर, फसल, सड़क और रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित है। बाढ़ का असर आसानी से खत्म होने वाला नहीं है। दूषित पानी में आवागमन करने से आमजन बीमार हो रहे हैं। बताते चलें कि बीमार बाढ़ पीड़ित सरकार द्वारा संचालित अस्थायी स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर निःशुल्क दवा ले रहे हैं।
जलस्तर में कमी के बावजूद निचले इलाकों में जमा पानी अभी भी आम जनों के लिए मुसीबत बना हुआ है। सोनपुर के हरिहरनाथ से जेपी सेतु तक के बजरंग चौक की निचली सड़क, सबलपुर के चारों पंचायत, नजरमीरा, पहलेजा, शाहपुर दियारा, भरपुरा, गंगाजल, दुधैला, जहाँगीरपुर, खरिका सहित सोनपुर प्रखंड की 23 में से 18 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित हैं। कई सड़कें अब भी पानी में डूबी हैं। घरों और खेतों में पानी घुसने तथा जल जमाव के कारण सैकड़ों परिवार अपने मवेशियों के साथ ऊंचे स्थानों, बांधों, स्कूलों और टेंटों में शरण लिए हैं। इस बाढ़ की चपेट में आने से अब तक सोनपुर प्रखंड में एक किशोर सहित तीन रहिवासियों की मौत हो चुकी है।
![]()













Leave a Reply