प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मोचरो से केबल तार चोरी मामले में दो आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गये तार को बरामद करने का दावा की है।
मामले में बेरमो अनुमंडल कार्यालय तेनुघाट में 22 अगस्त को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रविंन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित किया गया। प्रेस वार्ता में कहा गया कि अनुमंडल क्षेत्र के कसमार थाना क्षेत्र के ग्राम मोचरो स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप से करीब 400 मीटर 95 एमएम केबल तार चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया केबल तार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बीते 18 अगस्त की रात बजरंगबली मंदिर के समीप से अज्ञात चोरों ने 95 एमएम का केबल तार चोरी कर लिया था। इस संबंध में ग्राम तेलमुंगा रहिवासी हीरालाल जायसवाल की शिकायत पर कसमार थाना में मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर कसमार थाना पुलिस की छापेमारी टीम ने बीते 21 अगस्त को मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गिरिडीह जिला के हद में डोंगाडीह थाना क्षेत्र के घोराजी रहिवासी 28 वर्षीय दिगम्बर कुमार पांडेय तथा बोकारो जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के मिश्रासाई जैनामोड़ रहिवासी 24 वर्षीय चंदन कुमार दुबे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर चोरी गया केबल तार बरामद किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा शेष चोरी गए केबल तार की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। छापेमारी दल में कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार सिंह, घनश्याम कुमार रवि, सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply