प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित बेरमो अनुमंडल पुलिस कार्यालय में 22 अगस्त को अनुमंडल पदाधिकारी रविंन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जरीडीह थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के निशानदेही पर चोरी का सामान एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इनमें एक विधि-विरुद्ध बालक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार बीते 20 अगस्त को बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नाइन सी रहिवासी संतन कुमार मिश्रा के पुत्र वादी सूरज कुमार मिश्रा द्वारा जैनामोड़ मिश्रा साइट स्थित अपने घर में अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर चोरी किए जाने के संबंध में जरीडीह थाना में लिखित शिकायत दी गई थी। इस संबंध में जरीडीह थाना में कांड संख्या 140/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर जरीडीह अंचल के पुलिस निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में चीकू कुमार उर्फ दिलशाद मंसूरी, उम्र करीब 18 वर्ष, रहिवासी एकलव्य अंसारी टोला चन्द्रपुरा मंडे मार्केट, दीपक कुमार, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता उपेन्द्र कुमार भारद्वाज उर्फ श्याम सुंदर, रहिवासी पश्चिमी पल्ली चन्द्रपुरा तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है।
पुलिस ने चोरी गया बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, कांसा की एक थाली, कांसा का एक लोटा, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी तथा चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी है। छापामारी दल में जरीडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों के साथ तकनीकी शाखा बोकारो की टीम भी शामिल थी। प्रेस वार्ता में जरिडीह थाना प्रभारी विपिन चन्द्र महतो, दशरथ कुमार दास, संजीव कुमार, मथियस जॉन मुर्मू, सुंदर कुमार उरांव आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply