रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर बारह स्थित पुलिस केंद्र में 7 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा, बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने संयुक्त रूप से 39 नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
जानकारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए इन वाहनों का उपयोग कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, नियमित गश्त को प्रभावी करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स टाइम) सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जाएगा। इन वाहनों के परिचालन से दूर-दराज के क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच तेज होगी और आम रहिवासियों को बेहतर पुलिस सेवा मिल सकेगी।
इस अवसर पर उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सिन्हा ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित पुलिस व्यवस्था ही प्रभावी कानून-व्यवस्था की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी, अपराध नियंत्रण में गति आएगी तथा आमजनों को त्वरित और बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उपायुक्त झा ने कहा कि, राज्य सरकार लगातार पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है। कहा कि नए वाहनों से पुलिस प्रशासन की कार्य कुशलता बढ़ेगी और आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदो को समय पर सहायता मिल सकेगी। कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम रहिवासियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस अधीक्षक मीणा ने कहा कि नए वाहनों के माध्यम से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गश्त और निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम कम होगा तथा अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस और अधिक सक्रिय एवं सक्षम रूप से कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नए पुलिस वाहनों के जुड़ने से जिले की कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा आमजनों को त्वरित, प्रभावी एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
![]()













Leave a Reply