Advertisement

सिवनडीह के डुमरो में ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, गिरोह तक पुलिस जांच

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में बोकारो जिला के हद में माराफारी थाना पुलिस ने बीते 2 अगस्त की देर रात सिवनडीह के डुमरो क्षेत्र में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के एक कथित पेशेवर तस्कर गनी अंसारी को गिरफ्तार किया।

बताया जाता है कि बोकारो के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध लगभग 20 पुड़िया ब्राउन शुगर लेकर क्षेत्र में घूम-घूमकर बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद गठित छापेमारी दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पुड़िया ब्राउन शुगर और बिक्री से जुड़े होने की आशंका में ₹8,450 नकद बरामद किए गए।

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने 3 अगस्त को पत्रकारों को बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा। सूत्रों के अनुसार आरोपी गनी अंसारी जिस नेटवर्क के साथ काम करता था, उसकी भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर क्षेत्र में ब्राउन शुगर के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के प्रयास में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *