बारिश के बीच खेत में गिरी बिजली, सभी घायलों की हालत सामान्य
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में 3 अगस्त को एक बार फिर वज्रपात की घटना सामने आई। जिला के हद में जरीडीह थाना क्षेत्र के भस्की पंचायत के योगीडीह गांव में धान रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाएं घायल हो गई। यह घटना 3 अगस्त की संध्या दूसरे पहर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सभी महिलाएं खेत में धान रोपनी का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच हुई वज्रपात की चपेट में आने से खेत में काम कर रहीं पांचों महिलाएं घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को उपचार के लिए जरीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों में 50 वर्षिया बेलमुनि देवी व् सकरमनी देवी, 40 वर्षिया शुकरमुनी देवी, 27 वर्षिया कविता कुमारी तथा 18 वर्षिया सुनीता कुमारी शामिल हैं।
स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य एवं खतरे से बाहर है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बरसात के मौसम में लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने तथा आमजनों को बिजली गिरने से बचाव के उपायों की जानकारी देने की मांग की है। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने पर खेतों में काम करने से बचें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
![]()













Leave a Reply