रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड में जेपीएससी भर्ती प्रक्रिया को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच आंदोलनकारी नेता सूर्य सिंह बेसरा ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि जेपीएससी अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो वह सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तर्ज पर आमरण अनशन पर बैठेंगे।
बेसरा ने 2 अगस्त को प्रेस प्रतिनिधियों से कहा कि जेपीएससी से जुड़े अभ्यर्थी लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं, जिनका जवाब सरकार और आयोग को देना होगा।
उन्होंने कहा कि यदि झारखंड सरकार अब भी नहीं चेती, तो मैं सोनम वांगचुक की तरह आमरण अनशन पर बैठकर छात्रों और युवाओं की लड़ाई लड़ूंगा। यह आंदोलन किसी एक का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार से जेपीएससी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विवादों का निष्पक्ष समाधान निकालने, अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देने की अपील की।
बेसरा के इस ऐलान के बाद जेपीएससी आंदोलन को नया मोड़ मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, राज्य सरकार या जेपीएससी की ओर से उनके बयान पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए उनके आरोप और मांगें संबंधित पक्षों के दावे हैं, जिन पर आधिकारिक पक्ष आना अभी शेष है।
![]()













Leave a Reply