Advertisement

गगनभेदी नारे के साथ पहलेजाधाम-गरीबनाथ डाक कांवर यात्रा का शुभारंभ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के पहलेजा धाम से गेरूआ धारी बोलबम डाक कांवड़ियों का पहला जत्था 2 अगस्त को यहां से 65 किलोमीटर दूर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ पर जलाभिषेक के लिए रवाना हो गया।

बताया जाता है कि पहलेजा धाम में दक्षिणवाहिनी गंगा नदी में डुबकी एवं कांवर में जल उठाकर बाबा नगरिया दूर है जाना जरूर है के गगनभेदी नारे के साथ रवाना होने से पूर्व तीर्थ पुरोहितों के समक्ष श्रद्धालू डाक कांवरियों ने अपनी अंजुली में गंगा जल उठाकर संकल्प लिया। उन्होंने बाबा गरीब नाथ के दरबार मुजफ्फरपुर पहुंचकर ही दम लेंगे का संकल्प लिया।
डाक कांवरियों का एक ही ध्येय वाक्य है आगे बढ़ो और बढ़ते रहो। यह उन्हें जाग्रत होने, कर्मठ बनने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहा है।

पर्यटन विभाग के सौजन्य से सोनपुर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी ज्ञानेन्द्र सिंह टुनटुन द्वारा निर्मित टेंट सिटी में भी कांवरियों ने शरण ली। सारी सुविधाओं से लैस इस टेंट सिटी में गर्मी एवं बरसात दोनों से उन्हें राहत मिल रही है। यहां 500 कांवरियों के रहने की सुविधा है। निरंतर पंखा चल रहा है। रोशनी, पेयजल, शौचालय की भी व्यवस्था की गई है। डाक कांवर पथ के लालू यादव चौक एनएच 19 पर सारण जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम कार्यरत है। कई स्थानों पर सोनपुर अनुमंडलीय चिकित्सालय की ओर से अस्थाई स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। जहां सभी तरह की आपातकालीन सुविधा उपलब्ध है।

सोनपुर अनुमंडल के कार्यपालक दंडाधिकारी रामजी राम स्वयं पहलेजा धाम गंगा घाट की व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।
पहलेजा धाम गंगा माता मुख्य प्रवेश द्वार के निकट मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तैनात पुलिस पदाधिकारी प्रवेश मार्ग से अंदर आने जाने वाले पर नजर रख रहे हैं। कांवरियों की परेशानियों को दूर करने के लिए सुझाव भी दिया जा रहा है। कोई भी असामाजिक तत्व पहलेजा धाम घाट की ओर न पहुंचे, उस पर निगरानी रखी जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *