एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और राज्य के विकास को नई ऊंचाई पर ले जाने को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में 30 जुलाई को सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने राज्य के मुख्यमंत्री से भेंट की।
जानकारी के अनुसार राजधानी रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) डॉ अशोक कुमार पांडा ने औपचारिक मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय शिष्टाचार भेंट को राज्य के औद्योगिक परिदृश्य और सार्वजनिक उपक्रमों के साथ बेहतर समन्वय के दृष्टिकोण से बेहद अहम माना जा रहा है। सीएम से मुलाकात के दौरान राज्य प्रशासन और सेल प्रबंधन के कई शीर्ष अधिकारी से मौजूद रहे।
बैठक में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार के साथ-साथ बोकारो स्टील संयंत्र (बीएसएल) के निदेशक-प्रभारी प्रिय रंजन और सेल खनन प्रभाग के अधिशाषी निदेशक वी. मानवटी भी उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड और झारखंड का संबंध दशकों पुराना रहा है। बोकारो स्टील प्लांट समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों खासकर पश्चिमी सिंहभूम में फैली सेल की खदानें झारखंड की अर्थव्यवस्था, औद्योगीकरण और स्थानीय रोजगार में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करती हैं।
ऐसे में मुख्यमंत्री और सेल अध्यक्ष की यह मुलाकात भविष्य में औद्योगिक परियोजनाओं को सुगमता से आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। साथ हीं राज्य में खनन गतिविधियों में तेजी आएगी। बोकारो स्टील प्लांट के विस्तार को गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर बुनियादी ढांचे व जन-कल्याणकारी कार्यों में तेजी देखने को मिलेगी।
![]()













Leave a Reply