रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। लोक सुरक्षा और जनहित को प्राथमिकता देते हुए सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) जल्द ही जर्जर एवं असुरक्षित आवासीय ब्लॉकों में रह रहे लीजधारकों और रहिवासियों के लिए विशेष लीज पुनर्स्थापन योजना (स्पेशल लीज रिलोकेशन स्कीम) लागू करने जा रहा है। योजना के तहत असुरक्षित और जर्जर लीज आवासों में रहने वाले पात्र लीजधारकों को प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक रिक्त आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।
बीएसएल प्रबंधन के अनुसार नए आवासों का आवंटन मौजूदा लीज की नियम एवं शर्तों के अनुरूप ही प्रभावी रहेगा। प्रभावित लीजधारकों को पूर्व में कानूनी नोटिस जारी कर वर्तमान आवास खाली करने तथा पुनर्स्थापन की आवश्यकता से अवगत कराया जा चुका है। कहा गया कि प्रस्तावित परिपत्र जारी होने के बाद सभी प्रभावित लीजधारकों से समय पर आवेदन जमा करने की अपील की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से जल्द पूरी की जा सके।
जानकारी के अनुसार सर्वाधिक जर्जर और असुरक्षित ब्लॉक बोकारो के सेक्टर बारह में चिन्हित किए गए हैं, जबकि कुछ ब्लॉक सेक्टर टू, सेक्टर सिक्स और सेक्टर नाइन में भी स्थित है। योजना का मुख्य उद्देश्य संभावित जोखिमों से लीजधारकों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। कहा गया कि योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, प्रभावित ब्लॉकों की सूची और आवेदन प्रक्रिया शीघ्र जारी होने वाले परिपत्र में प्रकाशित की जाएगी।
![]()













Leave a Reply