Advertisement

नवनियुक्त केंद्रीय वन बचाव समिति अध्यक्ष ने अवैध गतिविधियों पर जताई सख्ती

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। नवनियुक्त केंद्रीय वन बचाव समिति के अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने जंगलों की सुरक्षा और संरक्षण को लेकर कड़ा रुख अपनाने की बात कही है।

उन्होंने 15 जून को एक भेंट में कहा कि जंगल क्षेत्र में अवैध धंधा करने वालों की अब खैर नहीं होगी। समिति वन संपदा की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी तथा जंगलों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी।
महतो ने जंगल की भूमि को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि कुछ तथाकथित द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि जंगल की जमीन को जमीन माफियाओं द्वारा जबरन बेचा जा रहा है। कहा कि वन समिति इस मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित भूमि की विधिवत नापी कराएगी।

उन्होंने बताया कि भूमि की पहचान और सीमांकन के बाद वन समिति द्वारा उक्त क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जंगल क्षेत्र का विस्तार करना तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य लक्ष्य जंगलों को अतिक्रमण मुक्त रखना, हरित क्षेत्र बढ़ाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है।

उन्होंने कहा कि जंगल हमारी अमूल्य धरोहर है। जंगल क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अवैध तरीके से आरा मशीन जो चालू है उसे सबसे पहले बंद करवाया जाएगा। कहा कि वन समिति संबंधित जमीन की नापी कराकर वहां पौधारोपण का कार्य करेगी और जंगल संरक्षण के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *