एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राज्य में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें हो रही जनहानि पर गहरी चिंता व्यक्त की है। नायक ने 15 जून को सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को अब जन आंदोलन और प्रशासनिक प्राथमिकता दोनों बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रत्येक वर्ष हजारों वाहन चालक, सवार तथा राहगीर सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या युवाओं, श्रमिकों, छात्रों और परिवार के कमाऊ सदस्यों की होती है। कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक की मौत नहीं, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य को प्रभावित करने वाली त्रासदी है।
नायक ने झारखंड के मुख्यमंत्री (सीएम) हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा सड़क अवसंरचना के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब आवश्यकता इस बात की है कि सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष झारखंड रोड सेफ्टी मिशन प्रारंभ किया जाए, जिसमें परिवहन, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस एवं स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि राज्य के सभी राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनका शीघ्र सुधार कराया जाए। ओवर स्पीडिंग रोकने के लिए आधुनिक स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम एवं सीसीटीवी आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए। साथ ही सड़क किनारे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट संकेतक बोर्ड एवं सुरक्षित पैदल पार पथ विकसित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं में मृत्यु का एक बड़ा कारण समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल पाना है। इसलिए प्रमुख राजमार्गों पर आधुनिक ट्रॉमा सेंटर, एम्बुलेंस नेटवर्क तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत किया जाना चाहिए, ताकि गोल्डन ऑवर के भीतर घायलों को उपचार मिल सके।
नायक ने राज्य सरकार से स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत स्तर तक व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन को केवल कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से भी मांग की कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित कार्यों, ब्लैक स्पॉट सुधार योजनाओं तथा सड़क सुरक्षा मद में राज्यों को मिलने वाली वित्तीय सहायता में वृद्धि की जाए, ताकि दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष पहल करेगी तथा सभी संबंधित विभागों को साथ लेकर दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या में कमी लाने के लिए प्रभावी कार्य योजना तैयार करेगी।
![]()













Leave a Reply