Advertisement

टोपोलैंड समिति ने गलत नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा; सोनपुर में हर घर काला झंडा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। टोपोलैंड संघर्ष समिति ने 15 जून की सुबह सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद क्षेत्र में हर घर काला झंडा अभियान की शुरुआत की। समिति ने स्थानीय रहिवासियों से अपने-अपने घरों पर स्वेच्छा से काला झंडा लगाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करने की अपील की है।

​​समिति के प्रतिनिधियों ने साफ किया कि यह आंदोलन पूरी तरह स्वैच्छिक है और किसी भी रहिवासी को काला झंडा लगाने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। उक्त आंदोलन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के किसानों और भू-स्वामियों की चिंताओं तथा समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से रखना है।
ज्ञात हो कि, ​सोनपुर में पिछले लगभग दो महीनों से जमीन ​रजिस्ट्री पर रोक से आम जन परेशान हैं। क्षेत्र में भूमि की रजिस्ट्री बंद होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। इसके अलावा पारदर्शिता का अभाव झलकता है। अकारण भूमि अधिग्रहण और प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप की प्रक्रियाओं में पारदर्शिता न होने का आरोप भी लगाया जा रहा है। सोनपुर के किसानों और भू-स्वामियों में आशंका है कि उनकी कृषि योग्य भूमि को असर्वे (बिना सर्वे वाली) घोषित कर अधिग्रहित किया जा सकता है।

टोपोलैंड संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट का कहना है कि सरकार के विकास योजना का स्वागत है, लेकिन वे सरकार की गलत नीतियों का विरोध करते हैं। कहा कि वे सोनपुर में सरकार द्वारा प्रस्तावित हरिहरनाथ कॉरिडोर, गंगा पथ, सैटेलाइट सिटी और ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट सहित सभी विकास कार्यों का स्वागत करते हैं। वहीं सरकारी कर्मियों द्वारा बनाई जा रही गलत नीतियों और आम जनों को परेशान करने वाले रवैये का पुरजोर विरोध करते हैं।

भूमि का निबंधन, जमाबंदी और रसीद का नवीनीकरण न होने से किसान चिंतित हैं। सरकार को इस पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। इस अभियान के प्रारम्भ होने के दौरान मुख्य रूप से डॉ आशुतोष कुमार रितेश, अभिमन्यु कुमार सिंह, कुणाल सिंह चौहान, वीरेंद्र शर्मा, अविनाश शर्मा, अभिषेक श्रीवास्तव, दीपक सिंह, पवन शर्मा, गौतम कुमार, सरपंच संघ के अध्यक्ष भरत सिंह, श्रीराम शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *