Advertisement

निरीक्षण क्रम में डीआरएम ने दिया अमृत भारत योजना कार्यों को पूरा करने का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने और रेलवे अवसंरचना के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने 14 जून को हाजीपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण क्रम में उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता न करने की सख्त हिदायत दी।

जानकारी के अनुसार ​​डीआरएम ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल), बुकिंग कार्यालय, पार्किंग क्षेत्र, फुट ओवर ब्रिज और प्लेटफॉर्मों की स्थिति का बारिकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन के विभिन्न परिचालन और वाणिज्यिक क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान डीआरएम सरन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए नियमित निगरानी रखी जाए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिया कि ​सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।​ निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। ​निर्माण कार्य के दौरान आम यात्रियों की आवाजाही, सुविधाओं और सुरक्षा में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हाजीपुर जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर यात्री सेवाओं तथा आकर्षक अवसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यात्रियों का सफर और अधिक आरामदायक होगा। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं के रख-रखाव और साफ-सफाई को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच आपसी तालमेल (समन्वय) को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से ही स्टेशन के समग्र विकास को गति दी जा सकती है। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान डीआरएम के साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार सहित सोनपुर रेल मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारी और संबंधित रेल कर्मचारीगण उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *