अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 14 जून को सारण जिला के हद में सोनपुर में भारतीय जनता पार्टी के नगर मंडल एवं दक्षिणी मंडल द्वारा अलग-अलग स्थानों पर 12 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोनों कार्यक्रमों में सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह मुख्य अतिथि रहे।
जानकारी के अनुसार नगर मंडल का कार्यक्रम विधायक कार्यालय में नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बब्लु की अध्यक्षता एवं नगर उपाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के संचालन में आयोजित किया गया। वहीं दक्षिणी मंडल का कार्यक्रम सबलपुर में मंडल अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया दीपक शर्मा की अध्यक्षता एवं महामंत्री अविनाश कुमार के संचालन में आयोजित किया गया।
दोनों स्थलों में कार्यक्रमों की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैल चित्र पर पुष्पांजलि और वंदेमातरम् गायन के साथ की गई। इस अवसर पर विधायक विनय कुमार सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में सड़कों का व्यापक नेटवर्क, बिजली, पेयजल, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण और मजबूत आधारभूत संरचनाओं का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका के कारण आज दुनिया के बड़े देश भी भारत को ध्यान में रखकर निर्णय लेते हैं। कहा कि भाजपा सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1984 में 2 सीटों से शुरू भाजपा के आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने का सफर भी तय कर लिया है।

विधायक ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम का मंत्र देते हुए सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। नगर मंडल कार्यक्रम में विधायक ने सोनपुर पटेल नगर रहिवासी रंजन सिंह की पुत्री लक्ष्मी सिंह को भारतीय सेना के महिला सैन्य पुलिस में चयन होने पर अंग वस्त्र से सम्मानित किया। वहीं दक्षिणी मंडल में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने सबलपुर पश्चिमी सरपंच राजेंद्र सिंह, सबलपुर पूर्वी के कृपानंद सिंह, सबलपुर मध्यवर्ती के सरपंच दिलीप शर्मा, कला मर्मज्ञ रामनवमी शर्मा एवं महेश्वर नारायण शर्मा को विकास पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया।
मौके पर बीजेपी नेता नरेशू सिंह, धनंजय सिंह एवं अधिवक्ता शशि सिंह ने कहा कि मोदी सरकार में गरीब कल्याण और सुशासन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। योजनाओं का लाभ अंतिम लाभुक तक पहुंचा है। नगर मंडल कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन मण्डल महामंत्री ज्ञानसागर सिंह ने किया और जनगण मन से कार्यक्रम का समापन किया गया। उपरोक्त कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की शपथ ली।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य जनों में नरेश सिंह, सुनील दुबे, शशिभूषण सिंह, महेश कुमार, संजीव कुमार सिंह, राजेश सिंह सोलंकी, सत्येन्द्र नारायण सिंह, अनुपम चंदन, पवन शर्मा, आदर्श कुमार, विकास कुमार, अमरनाथ शर्मा, राजीव कुमार सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply