Advertisement

बोकारो एसपी का कई थानों का औचक निरीक्षण, लंबित कांडो के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) द्वारा 13 जून को जिला के हद में चंदनकियारी व् सियालजोरी थाना, भोजुडीह, अमलाबाद एवं बनगड़िया ओपी का औचक निरीक्षण किया गया।

बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान एसपी नाथू सिंह मीणा ने थाना व् ओपी के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करते हुए मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर एसपी ने सीसीटीएनएस प्रणाली में कांडों एवं अभिलेखों का समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत अद्यतन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही थाना क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में थाना के अभिलेख, मालखाना, हाजत एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए गए। एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील एवं पेशेवर व्यवहार बनाए रखने की सलाह दी तथा पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही एसपी ने साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने एवं ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान एएसपी सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चंदनकियारी, भोजुडीह, बनगड़िया, अमलाबाद, सियालजोरी के प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *