Advertisement

बीएलए टू को सशक्त बनाने में जुटी भाजपा

बूथ स्तर पर गड़बड़ी रोकने व् मतदाता सूची की निगरानी को ले कार्यशाला

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित ज्योति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के बीएलए टू की कार्यशाला मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर शर्मा की अध्यक्षता में 13 जून को आयोजित की गई। कार्यशाला में पेटरवार, खैराचातर एवं कसमार मंडल के बीएलए टू, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

जानकारी के अनुसार आयोजित कार्यशाला में भाजपा के झारखंड प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, बोकारो जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज, पूर्व 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक, जिला उपाध्यक्ष अनिल स्वर्णकार, जिला महामंत्री संजय कुमार सिन्हा, प्रदेश कार्यसमिति के पूर्व सदस्य सुधीर कुमार सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, साड़म मंडल के शिवशंकर दुबे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कार्यशाला में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं को जोड़ने तथा बीएलए टू की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि भाजपा आगामी चुनावों को देखते हुए प्रत्येक बूथ पर अपनी संगठनात्मक व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर रही है। इसके तहत बूथ लेवल एजेंटों को प्रशिक्षित कर चुनावी प्रक्रिया की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

कार्यशाला में उपस्थित भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी द्वारा सरल ऐप के माध्यम से बूथ स्तर की गतिविधियों की जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रत्येक बूथ पर नियुक्त बुथ लेबल एजेंट (बीएलए) टू को इस ऐप से जोड़ने की योजना है, ताकि मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण और अन्य चुनावी गतिविधियों की जानकारी समय पर उपलब्ध हो सके।
प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि बीएलए टू भाजपा संगठन की चुनावी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वहीं जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाना है। पूर्व 20 सूत्री उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति के पूर्व सदस्य सुधीर कुमार सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। बीएलए टू संगठन और मतदाताओं के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी आम जनों तक पहुंचाने में बीएलए टू की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभानी चाहिए।

कार्यशाला में विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ने, उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करने तथा मतदाता सूची के सत्यापन कार्य को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया। साथ ही बूथ स्तर पर निर्वाचन संबंधी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने की जिम्मेदारी भी बीएलए टू को दी गई।

मंच संचालन जिला कोषाध्यक्ष रविशंकर जायसवाल ने किया। जबकि कार्यक्रम में बीएलए टू की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति पर मुख्य अतिथि ने नाराजगी जताते हुए संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर कसमार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, खैराचातर मंडल अध्यक्ष आनंद महतो, महानंद महतो, राजेश पांडेय, रितु रानी, सुरेंद्र कुमार महतो, मनोज शर्मा, लालमोहन नायक, पंकज कुमार सिन्हा, मनोहर तिवारी, मुरलीधर नायक, चंद्रशेखर महतो, जग्गू महतो, ज्योति लाल स्वर्णकार, अमर ज्योति बनर्जी, पिंटू महतो, चमन कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं विभिन्न मंडलों के बीएलए टू उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *