अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में महिला कल्याण संगठन सोनपुर के तत्वावधान में स्थानीय मांटेसरी विद्यालय विनोद भवन में बीते माह 25 मई से 10 जून तक समर कैंप का आयोजन किया गया। आयोजित 17 दिवसीय समर कैंप का सामुदायिक भवन में भव्य समापन महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ निधि सरन के नेतृत्व में किया गया।
जानकारी के अनुसार आयोजित समर कैंप शिविर में 120 बच्चों ने नृत्य, चित्रकला, योग-मेडिटेशन और आर्ट-क्राफ्ट में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साथ हीं बच्चों ने समर कैंप को बीते वर्षो की तुलना में बेहतर कहा।
सोनपुर रेल मंडल के पीआरआई राम प्रताप सिंह ने 13 जून को बताया कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रीष्मावकाश में बच्चों का सर्वांगीण विकास करना था। कहा कि प्रशिक्षकों के रचनात्मक मार्गदर्शन में बच्चों ने नई-नई कला की शिक्षा ली और आत्मविश्वास भी बढ़ाया। समापन समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य, कला प्रदर्शनी और हस्तशिल्प की सभी अतिथियों व अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सृजनात्मक क्षमताओं को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार व सभी बच्चों को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दी।
हर्षोल्लास से भरे इस समर कैंप ने बच्चों की छुट्टियों को सीखने, सृजन और आनंद का यादगार अनुभव बना दिया। कार्यक्रम ने महिला कल्याण संगठन सोनपुर की सामाजिक व रचनात्मक प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।

समर कैंप के दौरान बच्चों को विभिन्न विधाओं का कड़ा प्रशिक्षण दिया गया था, जिसे उन्होंने समापन समारोह के मंच पर जीवंत कर दिया। बच्चों ने आकर्षक नृत्य और योग की मुद्राओं से उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कैंप के दौरान बच्चों द्वारा तैयार की गई चित्रकला (पेंटिंग्स) और आर्ट एंड क्राफ्ट की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसकी अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
शिविर के माध्यम से बच्चों ने न केवल नई कला सीखीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच में भी अभूतपूर्व विकास देखा गया। समापन समारोह को बच्चों के लिए यादगार बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति-पत्र (सर्टिफिकेट) और कलर सेट देकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने आयोजित स्पेशल मूवी शो और अल्पाहार का भरपूर आनंद उठाया।
मोंटेसरी स्कूल के शिक्षकों को उनके अनुकरणीय सहयोग के लिए सर्टिफिकेट और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। बच्चों की प्रतिभा निखारने वाले प्रशिक्षकों (ट्रेनर्स) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र के साथ पारितोषिक स्वरूप नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
![]()













Leave a Reply