अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के पहाड़ीचक रहिवासी नवीन प्रकाश सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। देहरादून स्थित प्रतिष्ठित भारतीय सैन्य अकादमी में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद वे आधिकारिक तौर पर सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन किए गये है।
इस ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड की मुख्य अतिथि और निरीक्षण अधिकारी देश की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू थी। राष्ट्रपति ने नव-नियुक्त सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए देश सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ज्ञात हो कि पहाड़ीचक का युवा नवीन प्रकाश सिंह ने यह गौरवपूर्ण उपलब्धि अपने कठोर सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, अद्वितीय समर्पण और अथक परिश्रम के बल पर हासिल की है। समारोह के दौरान उन्हें थल सेना के लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस ऐतिहासिक और भावुक क्षण के साक्षी बनने के लिए नवीन के शिक्षक पिता नरेंद्र कुमार सिंह, माता उषा सिंह, परिवारजन और कई शुभचिंतक भी देहरादून में मौजूद रहे।
भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में नवीन का चयन यह सिद्ध करता है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी यह सफलता क्षेत्र के उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो देश सेवा का सपना देखते हैं। नवीन की इस अभूतपूर्व सफलता पर न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा पहाड़ीचक गांव और सारण जिला गर्व महसूस कर रहा है।

उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य जनों और राजनीतिक हस्तियों ने खुशी जाहीर करते हुए उनके सफल सैन्य जीवन की कामना की है। बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से भाजपा नेता बिनोद सिंह सम्राट, भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार रितेश, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बबलु, दीपक शर्मा, कुणाल सिंह चौहान, रवि कुमार सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, अविनाश शर्मा, शिक्षक बलदेव शर्मा, सहेंद्र सिंह आदि शामिल हैं। सभी शुभचिंतकों ने लेफ्टिनेंट नवीन प्रकाश सिंह को राष्ट्र सेवा के इस नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की है।
![]()













Leave a Reply