एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में दूधपूरा हवाई अड्डा का जीर्णोद्धार कर चालू करने, बंद चीनी मिल एवं ठाकुर पेपर मिल को चालू करने, मुक्तापुर जूट मिल के विकास-विस्तार और उसके नियमित संचालन की गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 15 जून को जिलाधिकारी कार्यालय समस्तीपुर के समक्ष जिला विकास संघर्ष मोर्चा के बैनर तले प्रस्तावित प्रदर्शन की सफलता को लेकर 13 जून को समस्तीपुर शहर में व्यापक जनसंपर्क अभियान एवं नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।
मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्किट हाउस समस्तीपुर के समक्ष कार्यकर्ता एवं समर्थक जुटकर सर्किट हाउस, मोहनपुर चौक, महदैया पोखर समेत शहर के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाकर आम जनों को आंदोलन के उद्देश्यों से अवगत कराया गया तथा नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से क्षेत्र के औद्योगिक एवं आधारभूत विकास से जुड़े मुद्दों को उठाया गया।
मौके पर उपस्थित भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, कांग्रेस नेता विश्वनाथ सिंह हजारी, माकपा नेता रघुनाथ राय, राजद नेता राकेश ठाकुर, शाहीद हुसैन, राम विनोद पासवान, ट्रेड यूनियन नेता संतोष कुमार निराला, सामाजसेवी अशोक राय, आइसा के दीपक यदुवंशी, सौरभ सतनाम आदि नेताओं ने कहा कि समस्तीपुर के विकास के लिए बंद उद्योगों को चालू करना, रोजगार के अवसर बढ़ाना तथा दूधपूरा हवाई अड्डा को संचालित करना आवश्यक है।
कहा गया कि इन मांगों को लेकर आगामी 15 जून को सुबह 11 बजे जिला पदाधिकारी (डीएम) कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। उपस्थित नेताओं ने आम जनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विकास प्रेमी रहिवासियों से जनसंपर्क अभियान और प्रदर्शन में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की।
![]()













Leave a Reply