Advertisement

अर्पिता महिला मंडल ने की जरूरतमंद बेटियों के बीच विवाह सहायता सामग्री वितरित

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में 13 जून को कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद बेटियों को विवाह सहायता सामग्री प्रदान की गई। उक्त कार्यक्रम अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में सामाजिक सरोकारों को समर्पित प्रेरणादायक आयोजन रहा।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार कार्यक्रम के अंतर्गत विवाह योग्य एवं जरूरतमंद कुल 16 बेटी-दुल्हनों को विवाह सहायता सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्पिता महिला मंडल की रीता तिवारी, रूपा रानी, रीता मिश्रा एवं नीरू हंजूरा का विशेष योगदान रहा।

बताया गया कि इस पहल के तहत सीसीएल के 15 कोयला क्षेत्रों से चयनित 15 बेटी-दुल्हनों तथा मुख्यालय से चयनित एक बेटी-दुल्हन सहित कुल 16 लाभार्थियों को विवाह सहायता प्रदान की गई। क्षेत्रीय महाप्रबंधकों एवं मुख्यालय के सहयोग से प्रत्येक बेटी-दुल्हन को अलमारी, एयर बैग, साड़ी, चुन्नी, तौलिया, सुहाग पोटली तथा फलों की टोकरी भेंट की गई। इसके अतिरिक्त प्रत्येक बेटियों को नकद सहायता राशि भी प्रदान की गई। वहीं, अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा सिंह ने अपने स्नेह एवं आशीर्वाद स्वरूप अतिरिक्त नकद राशि प्रदान कर नवजीवन की शुरुआत करने जा रही उन बेटियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि अर्पिता महिला मंडल समाज के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि अर्पिता महिला मंडल समय-समय पर ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन कर जरूरतमंदो तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करता है तथा आगे भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

सहायता सामग्री एवं आशीर्वाद प्राप्त कर उपस्थित बेटियां काफी भावुक एवं प्रसन्न नजर आई। उनके चेहरों पर आत्मविश्वास, संतोष और नई उम्मीदों की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही थी। उन्होंने अर्पिता महिला मंडल तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

अर्पिता महिला मंडल की यह पहल समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। अर्पिता महिला मंडल द्वारा किया गया यह प्रयास बेटी-दुल्हनों के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और खुशियों का संचार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी कदम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *