रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के समीप स्थित एक लाइन होटल और जनरल स्टोर में अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। इस दौरान पुलिस द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार बालिडीह पुलिस को बीते 11/12 जून की रात गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे फाटक के समीप स्थित अमर लाइन होटल में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलने पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त लाइन होटल तथा उसके बगल में स्थित सुमित्रा जनरल स्टोर में छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान उपरोक्त दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न ब्रांडों की कुल 264 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 101 बोतल/कैन बीयर बरामद की गई। बरामद शराब के संबंध में जब वैध कागजात की मांग की गई तो संचालकों द्वारा कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
बताया जाता है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान लाइन होटल मैनेजर अविनाश सिंह तथा जनरल स्टोर के मालिक सूरज कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने के अनुसार बरामद शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग, मैकडॉवेल्स, सिग्नेचर, चिवास रीगल, जॉनी वॉकर, बकार्डी सहित कई नामी ब्रांड शामिल हैं। साथ ही बड़ी संख्या में बडवाइजर, गॉडफादर और टुबॉर्ग बीयर भी जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में अग्रेतर अनुसंधान जारी है तथा अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य कारोबारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
![]()













Leave a Reply