समस्तीपुर में बढ़ते अपराध के खिलाफ माले का 22 जून को थाना घेराव का ऐलान
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला में इनदिनों अपराधी मस्त और पुलिस पस्त है। जिला के हद में ताजपुर में फिर चली गोली। ताजपुर के राजधानी चौक स्थित चौधरी किराना स्टोर के मालिक पर बीते 11 जून की देर संध्या दुकान बंद करते समय अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। बचने के प्रयास में उनके बांया हाथ में लगी गोली। घायल को बेहतर इलाज के लिए ताजपुर से मां चंद्रकला अस्पताल मोहनपुर रोड ले जाया गया।
भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य मो. एजाज ने मामले की जांच कर अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करने, बढ़ते हत्या-अपराध पर रोक लगाने की मांग की है। जख्मी दुकानदार की पहचान बंगरा थाना क्षेत्र के कोठिया रहिवासी सोनेलाल चौधरी के पुत्र नरेश चौधरी के रूप में की गई है। मामले की छानबीन में पुलिस जुट गई है। अपराधियों की संख्या 7 बताई जा रही है। दुकानदार का मोबाइल एवं पैसा छीनने की भी बात सामने आ रही है। भागने के दौरान अपराधियों की अपाची बाईक घटना स्थल पर छूट गई है।
ताजपुर में लगातार बढ़ रही हत्या, लूट और गोलीबारी की घटनाओं को लेकर रहिवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में बिहार राज्य व्यवसायी संघ और भाकपा माले ने बढ़ते हत्या-अपराध तथा अपराधियों पर लगाम लगाने में पुलिस की विफलता के विरोध में ताजपुर थाना का घेराव करने की घोषणा की है।
अपराधियों के गोली से घायल इलाजरत राजधानी चौक के किराना व्यवसायी नरेश चौधरी से मिलकर हालचाल जानने के बाद माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य सह व्यवसायी मो. एजाज, बिहार राज्य व्यवसायी संघ के राज्य कमिटी सदस्य सह व्यवसायी प्रभात रंजन गुप्ता आदि नेताओं ने 12 जून को कहा है कि ताजपुर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि पुलिस अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
कहा गया कि गत रात्रि ताजपुर के राजधानी चौक स्थित किराना दुकानदार को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इससे पुर्व बीते माह 15 मई को गांधी चौक के समीप मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव सहनी की दिनदहाड़े हत्या कर दिया गया। इससे पूर्व भी कई हत्या एवं अपराध की वारदातें सामने आई हैं। बेतहाशा हत्या एवं अपराध की घटनाओं ने व्यवसायियों और आम रहिवासियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
बिहार राज्य व्यवसायी संघ पदाधिकारियों एवं भाकपा माले नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ताजपुर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम जनता और व्यवसायी वर्ग दहशत में है। अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, घायल दुकानदार के समुचित इलाज की व्यवस्था तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल करने की मांग की गई है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उक्त सभी मामले के अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं की गयी और बढ़ते अपराध पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो व्यापक जनांदोलन चलाया जाएगा। इसके तहत आगामी 22 जून को जनता मैदान से जुलूस निकालकर ताजपुर थाना का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। कहा गया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की निष्क्रियता के कारण आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रशासन को तत्काल कठोर कदम उठाकर अपराध पर नियंत्रण स्थापित करना चाहिए अन्यथा जनता सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।
![]()













Leave a Reply