अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन द्वारा 11 एवं 12 जून को सोनपुर–बरौनी एवं बरौनी–दिनकर ग्राम सिमरिया रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया गया। दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने महनार रोड, मोहिउद्दीननगर, मानसी स्टेशन, मानसी माल गोदाम, रनिंग रूम और अधिकारी विश्राम गृह सहित विभिन्न रेलवे परिसंपत्तियों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दूसरे दिन 12 जून को मंडल रेल प्रबंधक ने गड़हरा रेलवे कॉलोनी तथा दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिनकर ग्राम सिमरिया में नवनिर्मित संयुक्त क्रू लॉबी एवं विस्तारित क्रू रेस्ट रूम का उद्घाटन किया। इस नई सुविधा से रनिंग स्टाफ को बेहतर कार्य परिवेश और आराम करने के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं डीआरएम ने गड़हरा रेलवे यार्ड, गुड्स शेड तथा एचएचपी इलेक्ट्रिक लोको शेड का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने लोको शेड के विस्तार के लिए चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इसके बाद उन्होंने विद्युत लोको शेड के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की। स्टेशन निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने साफ-सफाई व्यवस्था, पैनल रूम, फुट ओवर ब्रिज, यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस उच्च स्तरीय निरीक्षण के दौरान सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी राजेश सरन, सहायक सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (कर्षण व वितरण) अस्मिता नारायण सहित विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी और संबंधित कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply