Advertisement

लोयाबाद कांड के विरोध में बाघमारा में आजसू के मशाल जुलूस में पूर्व विधायक शामिल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। धनबाद जिला के हद में बाघमारा के लोयाबाद में बीते दिनों हुए हमला कांड के विरोध में 11 जून को बाघमारा में आजसू पार्टी द्वारा मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। इस दौरान गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो भी मौजूद रहे। आजसू पार्टी द्वारा घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गयी।

जानकारी के अनुसार आयोजित मशाल जुलूस के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लोयाबाद में हुई घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया गया कि घटना के बाद भी प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है, जिससे आम जनों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतनी गंभीर घटना के बाद भी प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि जब अपराधी खुलेआम कानून को चुनौती दें और पीड़ित न्याय के लिए भटकते रहें, तब व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। कहा कि बाघमारा की जनता सुरक्षा, न्याय और जवाबदेही चाहती है। प्रशासन को यह समझना होगा कि उसकी जिम्मेदारी केवल घटनाओं का संज्ञान लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाना भी है।

पुर्व विधायक ने कहा कि लोयाबाद की घटना के दोषियों पर अविलंब कठोर कार्रवाई हो तथा पीड़ित परिवार को न्याय मिले। कहा कि न्याय में देरी किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है। जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रशासन और पुलिस को यह समझना होगा कि जनता के धैर्य की भी एक सीमा होती है। दोषियों को संरक्षण देने वालों और कार्रवाई में देरी करने वालों को जवाब देना होगा। हम डरने, झुकने या रुकने वालों में नहीं हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने लोयाबाद घटना के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *