रंजन वर्मा/कसमार(बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालिडीह स्थित औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से बीकेएसएम जियाडा की ओर से जल्द ही यूनियन कार्यालय खोला जाएगा।
यूनियन कार्यालय का उद्घाटन डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा किया जाएगा। उक्त जानकारी बीकेएसएम जियाडा अध्यक्ष अफसर हुसैन ने 11 जून को दी।
हुसैन ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में कार्यरत मजदूर विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। मजदूरों को अपनी बात रखने और समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच की आवश्यकता है। यूनियन कार्यालय खुलने के बाद मजदूरों को अपनी शिकायतों और मांगों को रखने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। संगठन उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित फैक्ट्री प्रबंधन एवं विभागीय अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि बीकेएसएम मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्षरत है और संगठन का उद्देश्य श्रमिकों को उनका हक और सम्मान दिलाना है। यूनियन कार्यालय मजदूरों और संगठन के बीच संवाद का केंद्र बनेगा, जहां नियमित रूप से बैठकें आयोजित कर श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो उर्फ अमर लाल ने कहा कि मजदूर किसी भी उद्योग की रीढ़ होते हैं। उनके बिना औद्योगिक विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए मजदूरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन मजदूरों के वेतन, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य श्रमिक अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहा है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित यूनियन कार्यालय मजदूरों के लिए एक भरोसेमंद केंद्र साबित होगा। यहां श्रमिकों को कानूनी सलाह, संगठनात्मक सहयोग और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। कहा कि संगठन का प्रयास है कि हर मजदूर की आवाज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचे और उसका उचित समाधान हो।
मौके पर बीकेएसएम पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई है, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कहा गया कि उद्घाटन कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न उद्योगों से जुड़े श्रमिक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
![]()













Leave a Reply