Advertisement

पंचायतों व वार्डों में 20 जून से मतदाता सहायता केंद्र व् सभी पंचायतो में कलर प्रिंटर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए बोकारो जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जिले के सभी पंचायतों एवं वार्डों में आगामी 20 जून से मतदाता सहायता केंद्र संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को संबंधित बीएलओ मतदान केंद्रों पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे। साथ हीं आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म पर चिपकाने के लिए रंगीन फोटो प्रिंट कराने में परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक पंचायत में कलर प्रिंटर की व्यवस्था की जा रही है। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही यह सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

बोकारो जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर-2026 की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी। अभियान के दौरान आदिवासी समुदाय, वृद्धजन, बीमार, दिव्यांग तथा अन्य कमजोर वर्गों के मतदाताओं को विशेष सहायता प्रदान की जाएगी। वर्तमान में जिले भर में मतदाताओं की मैपिंग एवं सत्यापन का कार्य जारी है।

जिला प्रशासन ने कहा कि इलेक्टर्स अनमैंपड अथवा इलेक्टर्स विथ अनोमालिज को फर्जी मतदाता कहना पूरी तरह गलत है। इलेक्टर्स अनमैंपड वे मतदाता हैं जिनका नाम वर्ष 2024 की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन 2003 की सूची में नहीं है। वहीं इलेक्टर्स विथ अनोमालिज श्रेणी में वे मतदाता शामिल हैं जिनके नाम या अन्य विवरण में दोनों सूचियों के बीच विसंगति पाई गई है। ऐसे मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन कर स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।

संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए प्रशासन ने कहा कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रत्येक भारतीय नागरिक को मतदाता सूची में पंजीकरण कराने का अधिकार है। सर-2026 अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे। जिला प्रशासन के अनुसार जिले के कुल 15.34 लाख मतदाताओं में से अब तक 11.11 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 72.44 प्रतिशत है। अभियान को लेकर 11 जून को मीडिया प्रतिनिधियों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सही एवं अद्यतन जानकारी आम जनों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता को मतदाता सूची से हटाना नहीं, बल्कि प्रत्येक योग्य मतदाता को उसके संवैधानिक मताधिकार से जोड़ना है। जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ इस कार्य को कर रहा है। उन्होंने कहा कि आदिवासी, वृद्ध, दिव्यांग, बीमार एवं कमजोर वर्ग के मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। मतदाता सहायता केंद्रों और बीएलओ की उपलब्धता से रहिवासियों को अपने क्षेत्र में ही आवश्यक सहयोग मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर कलर प्रिंटर की व्यवस्था भी इसी उद्देश्य से की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को फोटो प्रिंट कराने के लिए अनावश्यक दौड़-भाग न करनी पड़े। उपायुक्त ने कहा कि इलेक्टर्स अनमैंपड और इलेक्टर्स विथ अनोमालिज जैसी श्रेणियां केवल सत्यापन प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इन श्रेणियों में शामिल मतदाताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनकी प्रविष्टियों को नियमित कर दिया जाएगा। किसी भी पात्र मतदाता के अधिकारों का हनन नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें। समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जागरूक मतदाता हैं। हमारा प्रयास है कि बोकारो जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का निर्भय होकर उपयोग कर सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *