Advertisement

चौधरी टोला में पारिवारिक विवाद में फंदे से झूला युवक

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। पारिवारिक विवाद में 30 वर्षीय युवक ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत परीक्षण के लिए भेज दिया है। घटना बोकारो जिला के हद में गोमिया तेनु मुख्य मार्ग स्थित चौधरी टोला का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गोमिया थाना क्षेत्र के तेनुघाट मुख्य मार्ग स्थित चौधरी टोला में 11 जून को एक युवक फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 30 वर्षीय मानिक कुमार यादव के रूप में हुई है। युवक का दूसरी महिला से प्रेम संबंध होने को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इससे परेशान होकर उसने अपने जीवन के सफ़र को खत्म कर लिया।

मृतक के परिजनों एवं रहिवासियों से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून को भी मृतक मानिक का परिवार के सदस्यों के साथ विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि दूसरी महिला से उसके संबंधों को लेकर घर में अक्सर तनाव की स्थिति बनी रहती थी। इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई, जिसके बाद उसे घर के एक कमरे में बंद कर दिया गया था। कुछ समय बाद जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। मानिक का शव कमरे में लगे पंखे से फंदे के सहारे लटका था।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के रहिवासी मौके पर जुट गए। मृतक की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी मां कौशल्या देवी, पत्नी गुडिया देवी तथा भाई घनश्याम यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसर गया। वही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता मुद्रिका यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में वाहन चालक का काम करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद वह तत्काल गोमिया के लिए रवाना हो गए हैं। परिजन उनके आने का इंतजार कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई करते हुए अंत परीक्षण के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। इस बावत गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वही मृतक के भाई ने गोमिया थाना को लिखित तहरीर दी और कहा की गोमिया के दो युवक एवं एक महिला से परेशान होकर उसके भाई ने यह कदम उठाया है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *