प्रहरी संवाददाता/पेटरवार/कसमार (बोकारो)। बोकारो के स्व. शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में 10 जून को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा बीएलए-2 (बूथ लेवेल एजेंट-2) एवं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं झारखंड के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। प्रशिक्षण शिविर में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए बूथ कमेटी सदस्यों, बीएलए-2, पंचायत एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण, निर्वाचन प्रक्रिया तथा बूथ स्तर की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता सूची की शुद्धता और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए अभियान चलाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित होती है।
चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि बीएलए-2 कार्यकर्ता संगठन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल मतदाता सूची तक सीमित नहीं है, बल्कि वे लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने का भी कार्य करते हैं। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क करना होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। इस कार्य में संगठन पूरी गंभीरता के साथ जुटा है।
झामुमो बोकारो जिलाध्यक्ष रतन लाल मांझी ने कहा कि झामुमो का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है। कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की बेहतर जानकारी देकर उन्हें और सक्षम बनाना है। झामुमो के वरिष्ठ नेता दीपक कुमार नायक ने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं।
कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा, ताकि सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। वरिष्ठ नेता मनोहर मुर्मू ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनभागीदारी पर आधारित है। मतदाता सूची में अधिक से अधिक मतदाताओं का नाम शामिल कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला सचिव मुकेश कुमार महतो, महानगर अध्यक्ष मंटू यादव, बेरमो प्रखंड अध्यक्ष रंजीत महतो, सुभाष चंद्र ठाकुर, रमेश वर्मा, दिलीप हेंब्रम सहित पार्टी के केंद्रीय सदस्य, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रशिक्षण शिविर के दौरान बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची सत्यापन और संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
![]()













Leave a Reply