रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा बीते 9 जून की देर रात स्वयं सड़क पर उतरे और सिटी थाना, सेक्टर-4 थाना तथा सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में चल रही रात्रि गश्ती व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया।
बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने संदिग्ध राहगीरों एवं वाहनों की सघन जांच की। साथ ही ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत वाहन चालकों की भी जांच की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी एवं सतर्कता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर अंकुश लगाना तथा आम रहिवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसपी मीणा ने कहा कि अपराध नियंत्रण, यातायात सुरक्षा और आमजन के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए रात्रि गश्ती एवं औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। कहा कि पुलिस हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस प्रशासन के इस विशेष अभियान से देर रात शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा संभावित आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
![]()













Leave a Reply