Advertisement

डीएम ने सिंहेश्वर धाम का निरीक्षण कर दिया विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। कोसी प्रमंडल के हद में मधेपुरा जिला के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल देवाधिदेव महादेव मंदिर सिंहेश्वर धाम के दिन बहुरने वाले हैं। इसे लेकर 7 जून को मधेपुरा के जिला पदाधिकारी (डीएम) अभिषेक रंजन ने सिंहेश्वर धाम के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार हेतु प्रस्तावित व प्रगतिशील योजनाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण और समीक्षा की।

​निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सिंहेश्वर धाम को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।

जानकारी के अनुसार ​प्रमुख स्थलों का जायजा लेने के बाद डीएम ने निर्देश दिया कि पार्किंग क्षेत्र का विस्तार इस प्रकार किया जाए जिससे ऐतिहासिक मेला क्षेत्र बिल्कुल प्रभावित न हो। साथ ही, पार्किंग परिसर में ही यात्रियों एवं चालकों के लिए आधुनिक शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। साथ हीं उन्होंने मंदिर के समीप स्थित अनुपयुक्त शौचालय को तुरंत हटाने को कहा। गर्भगृह से निकलने वाले पवित्र नीर के सुचारु निकास के लिए पूर्व निर्मित चैंबर एवं पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत या प्रतिस्थापन करने तथा पूरे परिसर में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने का आदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मंदिर न्यास की भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने और उसकी सुरक्षा (घेराबंदी) सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। इसके अलावा, विकास कार्यों के आड़े आ रहे विद्युत पोलों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने ​बुनियादी ढांचे में तेजी लाने पर बल देते हुए फूड कोर्ट, धर्मशाला एवं मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा शिवगंगा पोखर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करने का निर्देश दिया।

​ निरीक्षण क्रम में डीएम द्वारा प्रस्तावित प्रवेश द्वार, गोलंबर, बैरिकेडिंग पर शेड निर्माण और अन्य जनसुविधा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द धरातल पर उतारने की बात कही गई। ​निरीक्षण के दौरान पर्यटन विभाग के अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों ने नक्शे और डिजिटल प्रस्तावों के माध्यम से जिलाधिकारी को आगामी योजनाओं की तकनीकी जानकारी दी। मौके पर संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि, मंदिर न्यास समिति के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *