रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के ग्राम पंचायत गर्री के करबला टोला में 25 केवीए तथा बनकनारी में 63 केवीए क्षमता के दो नए विद्युत ट्रांसफार्मरों का विधिवत उद्घाटन 6 जून को गोमिया की पूर्व विधायक बबीता देवी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
दो नए ट्रांसफार्मरों के स्थापित होने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। ग्रामीणों को लो वोल्टेज, बार-बार बिजली बाधित होने तथा बढ़ते विद्युत भार की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों, विद्यार्थियों और छोटे व्यवसायियों को भी लाभ मिलेगा।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक बबीता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिजली विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है और राज्य सरकार गांवों तक गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क़र्बला टोला और बनकनारी में नए ट्रांसफार्मरों के चालू होने से रहिवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। गांवों के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए हमारा प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग थी, जिसे पूरा किया गया है। कहा कि इन ट्रांसफार्मरों के लगने से बिजली आपूर्ति बेहतर होगी और उपभोक्ताओं को सुचारु सेवा मिलेगी। कहा कि राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर गर्री पंचायत के पूर्व मुखिया सिकंदर कपरदार ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से ग्रामीण रहिवासी बिजली की समस्या से परेशान थे। सिकंदर कपरदार ने कहा कि क़र्बला टोला और बनकनारी में नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। अब बिजली आपूर्ति पहले की अपेक्षा अधिक सुचारु होगी। इसके लिए पूर्व विधायक, विधायक प्रतिनिधि एवं विद्युत विभाग साधुवाद का पात्र है। कहा कि यह क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मौके पर ग्रामीणों ने भी नए ट्रांसफार्मरों के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत होगी और उन्हें बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
![]()













Leave a Reply