Advertisement

बाढ़ निरोधक कार्यों का निरीक्षण व् डीएम द्वारा जून अंत तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आगामी मानसून को देखते हुए सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 6 जून को जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर कटाव निरोधक स्थल का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा चलाए जा रहे बाढ़ निरोधक एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों की जमीनी हकीकत की जानकारी ली।

निरीक्षण क्रम में डीएम ने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को युद्ध स्तर पर काम करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डीएम को बताया कि क्षेत्र में कुल 12 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया गया है, जिनमें फिलहाल 6 स्थलों पर लगभग 150 मजदूरों के साथ काम चल रहा है। असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि श्रमिकों और अत्याधुनिक मशीनरी की संख्या में गुणात्मक वृद्धि की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी 12 स्थलों पर एक साथ काम शुरू होना चाहिए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जा सके।

​ डीएम ने तटबंध के लगभग 1.8 किलोमीटर लंबे अत्यंत संवेदनशील हिस्से को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि बाढ़ सुरक्षा जैसे गंभीर कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संसाधनों को झोंककर जून माह के अंत तक हर हाल में काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में कोई लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। कहा कि दैनिक लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जाए।

​कार्यों की सतत और कड़ाई से निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ​दैनिक लक्ष्य निर्धारण किए, जिसमें बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को संवेदक (ठेकेदार) के लिए प्रतिदिन का कार्य लक्ष्य तय करने और उसकी हर शाम समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। मौके पर उपस्थित सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे आवश्यक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती कर प्रतिदिन मौके पर जाकर प्रगति की जांच करें। ​आपात स्थिति से निपटने के लिए डीएम ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि तटबंध के अग्रभाग और घनी आबादी वाले क्षेत्रों के समीप पर्याप्त मात्रा में सैंडबैग (बालू की बोरियां) तथा अन्य आवश्यक बाढ़ सुरक्षा सामग्रियों का अग्रिम भंडारण (एडवांस स्टॉक) सुनिश्चित करें, ताकि ज़रूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

​दौरे के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से भी सीधा संवाद किया। उन्होंने रहिवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके सुझाव लिए। ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से जन-धन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग, मुस्तैद और प्रतिबद्ध है। निरीक्षण के दौरान सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम उपस्थित थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *