Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस पर सत्यलोक द्वारा प्राथमिक विद्यालय में पौधारोपण

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को सत्यलोक संस्थान ने बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के आसनपानी स्थित प्राथमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी में पौधारोपण किया। मौके पर उपस्थित प्रधानाध्यापिका, शिक्षक, शिक्षिका व् बच्चों ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लिया।

जानकारी के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सत्यलोक संस्था द्वारा सीसीएल अनुदानित प्राथमिक विद्यालय रेलवे कॉलोनी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों, विद्यालय परिवार एवं बच्चों ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। यहां दो दर्जन से अधिक फलदार वृक्ष लगाये गये।

ज्ञात हो कि सत्यलोक संस्था ने कुछ दिनों पूर्व उक्त विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यालय परिसर की सफाई की थी। साथ हीं बच्चों के बीच स्कूल बैग वितरित की थी। संस्था का मानना है कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए दोनों ही आवश्यक हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष ने पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक रहिवासी का दायित्व है कि वह पर्यावरण के संरक्षण में अपना सक्रिय योगदान दे। उन्होंने सभी के लिए स्वच्छ, हरित और बेहतर विश्व की मंगलकामना की।

वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में सत्यलोक के रंजीत साव, रोहन कुमार, सोनु कुमार, हेमंत कुमार, नन्दिनी, चांदनी, मानस्वी एवं सुप्रिया का सराहनीय योगदान रहा। साथ ही विद्यालय के सचिव, प्रधानाध्यापिका सरोज देवी, शिक्षक रामजी प्रसाद, सहायक शिक्षिका प्रियंबदा कुमारी उर्फ विक्की एवं समस्त विद्यालय परिवार के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। संस्था के संस्थापक के अनुसार सत्यलोक संस्था ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *