Advertisement

नई दिल्ली के होटल में अग्निकांड के बाद बोकारो में सख्ती

बोकारो जिले के सभी होटल और गेस्ट हाउसों की होगी जांच-उपायुक्त

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। देश की राजधानी नई दिल्ली के मालवीयनगर में बीते 3 जून क़ो हुए भीषण होटल अग्निकांड के बाद बोकारो जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने जिले में संचालित सभी होटल एवं गेस्ट हाउसों की व्यापक जांच कराने का निर्देश दिया है। यह जांच राष्ट्रीय भवन संहिता (एनबीसी) एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुरूप की जाएगी, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

उपायुक्त द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले के सभी होटल और गेस्ट हाउसों में अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), व्यापार लाइसेंस, भवन उपयोग की वैधता, बेसमेंट के उपयोग, स्मोक एवं हीट डिटेक्टर, फायर अलार्म सिस्टम तथा आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की जाएगी।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नगर निकायों के साथ-साथ प्रखंड स्तर पर भी सत्यापन अभियान चलाया जाए। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त झा ने नई दिल्ली होटल अग्निकांड में बोकारो जिला के हद में जैनामोड़ रहिवासी सुरभि कुमारी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि जन सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि जिले के सभी होटल एवं गेस्ट हाउसों में अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जांच अभियान चलाया जाएगा। जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *