रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हिसीम गांव में आयोजित अखंड हरि कीर्तन कार्यक्रम में 4 जून कॉ झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद का स्थानीय श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों द्वारा फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति-भाव के साथ हरि नाम संकीर्तन में भाग लिया।

इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र ने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन हमारी संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। कहा कि भगवान की कृपा से क्षेत्र निरंतर विकास और खुशहाली के पथ पर अग्रसर रहे, यही मेरी प्रार्थना है।
वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता दीपक कुमार नायक ने कहा कि अखंड हरि कीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भक्ति और आध्यात्मिकता से रहिवासियों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। यहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की।
![]()













Leave a Reply