सारण के एनएच-19 से सटे 30 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सारण जिला के हद में सोनपुर सहित जिले के तीनों अनुमंडलों में 21 अप्रैल को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों की देख-रेख में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार सोनपुर अनुमंडल के एनएच -19 छपरा-हाजीपुर फोरलेन के राइट ऑफ वे रो में अवैध रूप से संचालित लगभग 30 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। जिनमें शीतल ग्रीन सिटी और बिग ड्रीम सिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ दर्जनों होटल और ढाबे शामिल हैं। उपरोक्त सभी ने बिना अनुमति के नेशनल हाई-वे से सीधा संपर्क मार्ग बना लिया था।
विदित हो कि एनएच एक्ट के तहत बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के हाई-वे से सीधा संपर्क जोड़ना प्रतिबंधित है। इस क्रम में सदर अनुमंडल के छपरा शहर में सदर एसडीओ के नेतृत्व में छपरा शहर के बाजार समिति, प्रभुनाथ नगर और जोगिनिया कोठी से म्युनिसिपल चौक तक सघन अभियान चलाया गया। सड़क किनारे अवैध रूप से काबिज दुकानों और ढांचों को हटाया गया। जिले के मढ़ौरा अनुमंडल में मढ़ौरा एसडीओ के अनुश्रवण में तरैया बाजार में अतिक्रमण हटाया गया, जिससे बाजार की सड़कों पर आवाजाही सुगम हो सके।
पुनःअतिक्रमण पर थानेदार होंगे जिम्मेदार
सारण जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा कब्जा न हो, इसकी जिम्मेदारी संबंधित थानों को सौंपी गई है। इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को लिखित निर्देश जारी कर कड़ाई से अनुपालन करने को कहा गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, शहरों और बाजारों को व्यवस्थित रखने के लिए यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। आम जनता और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपनी गतिविधियां संचालित करें, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
![]()













Leave a Reply