डीसी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में बढ़ते तापमान एवं हीट वेव को देखते हुए जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 20 अप्रैल को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य हीट वेव के प्रभाव को न्यूनतम करना एवं आमजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि हीट वेव एक गंभीर आपदा के रूप में उभर सकती है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करें।
डिसी ने आम जनों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा हल्के एवं ढीले कपड़े पहनें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। कहा कि धूप में निकलने की स्थिति में छाता, गमछा या टोपी का प्रयोग अवश्य करें। बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई।
उन्होंने कहा कि हीट वेव से संबंधित शिकायतों एवं आपात स्थिति के त्वरित समाधान हेतु जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष 24×7 संचालित रहेगा। उन्होंने अपर समाहर्ता को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
आमजन 8986660333, 06542-242409 एवं 06542-241000 नंबरों पर संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने सिविल सर्जन डॉ ए.बी. प्रसाद को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सदर अस्पताल में ओआरएस, जीवन रक्षक दवाएं, पर्याप्त बेड एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज हेतु विशेष तैयारी रखने एवं चिकित्सा कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार जिला जनसंपर्क कार्यालय को निर्देश दिया गया कि व्यापक स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैक्स, बैनर एवं होर्डिंग्स के माध्यम से हीट वेव से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही, सोशल मीडिया एवं स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी आमजनों को जागरूक करने को कहा गया। डीसी ने वीडिओ कंन्फ्रेंसिंग से सभी बीडीओ एवं सीओ को निर्देश दिया कि पंचायत सचिवालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, चना-गुड़, सत्तू एवं नींबू पानी जैसी सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चास नगर निगम, बीएसएल टाउनशिप एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्रों में भी सभी वार्डों में इसी प्रकार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त सभी सरकारी कार्यालयों, थानों, एसडीओ एवं एसडीपीओ कार्यालयों में भी आमजनों एवं कर्मियों के लिए पेयजल एवं राहत सामग्री की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। जिले के सभी औद्योगिक इकाइयों एवं कंपनियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने कारखाना परिसरों में कार्यरत कर्मियों एवं अधिकारियों के लिए पर्याप्त पेयजल, छायादार विश्राम स्थल एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करें। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जनहित में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें। श्रम अधीक्षक को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं महिलाओं के लिए ओआरएस, मध्यान्ह भोजन एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। कुपोषित एवं कमजोर वर्गों के लिए विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में खराब चापाकलों की मरम्मत हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी कार्यरत चापाकलों की नियमित जांच कर उन्हें सुचारू रूप से चालू रखने को कहा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट उत्पन्न नहीं हो।
जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी (डीडीएमओ) को निर्देश दिया गया कि हीट वेव से संबंधित जानकारी के त्वरित आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप समूह/चैनल का गठन करें। साथ ही प्रतिदिन हीट वेव की स्थिति पर आधारित बुलेटिन जारी किया जाए, जिससे प्रशासन एवं आमजन दोनों समय रहते सतर्क रह सकें।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से फील्ड का निरीक्षण करें तथा जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
भीषण गर्मी को ले कक्षा के.जी. से वर्ग 5 तक के विद्यालयों का समय परिवर्तित
जानकारी के अनुसार बढ़ते तापमान एवं भीषण गर्मी के प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी विद्यालयों के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। इस संबंध में उपायुक्त ने आम सूचना जारी की है।
सूचना में कहा गया है कि बोकारो जिला के हद में संचालित सभी कोटि के सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त/अल्पसंख्यक सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा के.जी. से वर्ग 5 तक की कक्षाएँ अगले आदेश तक प्रातः 7:00 बजे से पूर्वाह्न 10 बजे तक संचालित हीं की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ)/जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को गर्मी से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों के साथ ही विद्यालय भेजें।
![]()













Leave a Reply