Advertisement

प्रचंड गर्मी से बेहाल जनजीवन, बच्चों के हित में स्कूल बंद करने की उठी मांग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। इन दिनों बोकारो जिले में लगातार बढ़ती प्रचंड गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज धूप और लू के कारण आम रहिवासियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे-छोटे स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है।

बताया जाता है कि सुबह से ही तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी देखी जा रही है, जिससे विद्यालय जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

जिले के अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने बोकारो जिला प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए सरकारी एवं निजी (प्राइवेट) विद्यालयों को कुछ दिनों के लिए बंद किया जाए। अभिभावकों तथा सामाजिक संगठनों कहना है कि इस भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना जोखिम भरा हो सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

रहिवासियों का कहना है कि कई राज्यों में पहले ही गर्मी को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया जा चुका है। ऐसे बोकारो जिले में भी जल्द निर्णय लिया जाना चाहिए। अभिभावकों ने प्रशासन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द उचित कदम उठाया जाए।

वहीं, जिले के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का भी मानना है कि अत्यधिक तापमान में बच्चों को बाहर निकलने से बचाना चाहिए और पर्याप्त पानी व ठंडे स्थान पर रहने की सलाह दिए जाने की जरूरत है। देखना है कि जिला प्रशासन इस गंभीर स्थिति को देखते हुए क्या निर्णय लेता है। फिलहाल बच्चों की सेहत और सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *