प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। अवैध संबंध के शक में हुए विवाद में पति ने तकिए से घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। घटना बोकारो जिला के हद में चटरोचट्टी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना के हुरलुंग गांव में बीते 17 अप्रैल की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रहिवासी अजय महतो ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी प्रमिला देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की वजह पति का दूसरी महिला से अवैध संबंध और उससे शादी करने की जिद बताई जा रही है।
मृतका की छोटी बहन बबिता देवी और चचेरे भाई अनिल महतो के अनुसार आरोपी अजय महतो का गांव की ही एक शादीशुदा महिला से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह दूसरी शादी करना चाहता था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी। इसी बात पर घर में रोज कलह होती थी। कई बार सामाजिक स्तर पर पंचायत कर समझौता कराने की कोशिश हुई, लेकिन आरोपी अपनी जिद पर अड़ा रहा।
बताया कि बीते 17 अप्रैल की देर रात इसी मुद्दे पर पति-पत्नी में कहासुनी हुई। गुस्से में आकर अजय ने पत्नी से मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। मौके पर ही प्रमिला देवी की मौत हो गई। घटना के वक्त घर में मौजूद मृतका की नाबालिग बेटी अंशु कुमारी ने बताया कि पिता ने उसे डरा-धमकाकर किनारे कर दिया और तकिए से मां का मुंह दबाकर जान ले ली।
घटना की सूचना मिलते ही चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर सांकेतिक रूप से सड़क जाम कर दिया। कुछ समय बाद गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो और आईईएल थाना प्रभारी एसके मंडल दल-बल के साथ पहुंचे। समझाने-बुझाने और दोषी पर कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
![]()













Leave a Reply