रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड अंतर्गत खैराचातर के ऐतिहासिक सार्वजनिक हरिमंदिर में 19 अप्रैल से त्रिदिवसीय मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
यह मंदिर क्षेत्र की आध्यात्मिक धरोहर है, जिसकी स्थापना लगभग 150 वर्ष पूर्व अलीम चंद परिवार द्वारा की गई थी। अब इसी पावन स्थल पर राधा-कृष्ण की नूतन प्रतिमाओं के विग्रह स्थापित किए जाएंगे।
इस संबंध में मंदिर से जुड़े कुमार गौरव तथा कुमार मयंक ने 18 अप्रैल को बताया कि तीन दिवसीय भक्तिमय अनुष्ठान की शुरुआत 19 अप्रैल को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। कहा कि प्रथम दिवस 19 अप्रैल को कलश यात्रा एवं पूजन के पश्चात दोपहर में भंडारा और संध्या काल में सामूहिक हरिकीर्तन का आयोजन होगा।
द्वितीय दिवस 20 अप्रैल को विशेष पूजा-अर्चना के साथ-साथ भक्तों के लिए महाप्रसाद (भंडारा) और शाम को पुनः हरिनाम संकीर्तन से क्षेत्र गुंजायमान रहेगा। तृतीय दिवस 21 अप्रैल को मुख्य अनुष्ठान होगा। प्रातः काल भगवान राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराया जाएगा। दोपहर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, जिसके उपरांत प्रसाद वितरण होगा।
कहा गया कि इस अवसर पर आयोजित भजन संध्या और जागरण आकर्षण का केंद्र रहेगा। महोत्सव के अंतिम दिन 21 अप्रैल की शाम को विशाल भजन संध्या एवं भव्य जागरण का आयोजन किया गया है, जिसमें ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। क्षेत्र के प्रबुद्धजनों यथा प्रमुख समाजसेवी अशोक कुमार जायसवाल, अमरेश जायसवाल, पुरुषोत्तम जायसवाल एवं गौतम सागर ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर केवल एक ढांचा नहीं, बल्कि हमारी 150 साल पुरानी आस्था का केंद्र है।
अलीम चंद परिवार द्वारा रोपित यह भक्ति का बीज आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है। वे सभी संयुक्त रूप से समस्त धर्म प्रेमियों से सपरिवार इस अनुष्ठान में शामिल होने की अपील करते हैं। आयोजन को लेकर पूरे खैराचातर और आसपास के गांवों में हर्ष का माहौल है। आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
![]()













Leave a Reply