रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हीसीम स्थित महादेव बेड़ा में पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ भोक्ता पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित मेला एवं छऊ नृत्य कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन 18 अप्रैल की देर संध्या गोमिया की पूर्व विधायक बबीता देवी ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी, जहां रहिवासियों ने मेले का आनंद लिया और पारंपरिक छऊ नृत्य का लुत्फ उठाया। छऊ नृत्य कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
मौके पर पूर्व विधायक बबीता देवी ने कहा कि भोक्ता पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से हमारी परंपराएं जीवित रहती हैं और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। प्रखंड बीस सूत्री सदस्य दिलीप हेंब्रम ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन से नई पीढ़ी को अपनी परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी ग्रामीणों को पर्व की शुभकामनाएं दी।

आनंद महतो ने कहा कि भोक्ता पर्व न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक समरसता को भी मजबूत करता है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। फणींद्र मुंडा ने कहा कि इस तरह का आयोजन इस क्षेत्र की पहचान हैं और इसे आगे भी निरंतर जारी रखने की जरूरत है, ताकि हमारी संस्कृति सुरक्षित रह सके। पंचायत समिति सदस्य जागेश्वर मुर्मू ने कहा कि हिसिम गांव में इस तरह के आयोजन से स्थानीय रहिवासियों में उत्साह और आपसी सहयोग की भावना बढ़ती है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए साधुवाद दी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य एवं ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर इस पारंपरिक पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
![]()













Leave a Reply