Advertisement

मंडल रेल प्रबंधक ने किया सोनपुर के विभिन्न रेल परिसरों का सघन निरीक्षण

रेल कॉलोनी और डेमू शेड की बेहतर सुविधाओं के लिए डीआरएम ने दिए कड़े निर्देश

​अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में ​​सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन द्वारा 18 अप्रैल को रेल मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेल परिसरों का व्यापक एवं सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक भवन, आरपीएफ बैरक, रेलवे कॉलोनी तथा डेमू शेड का दौरा कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को सेवाओं में गुणात्मक सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार डीआरएम सरन ने सोनपुर के सांस्कृतिक भवन में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए इसके समुचित रख-रखाव और अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र रेल कर्मचारियों के सामाजिक और रचनात्मक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सुरक्षा बलों के आवासीय परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्होंने जवानों के मनोबल को बढ़ाने हेतु आधुनिक संसाधनों की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण क्रम में रेल ​कर्मचारियों के जीवन स्तर को प्राथमिकता देते हुए डीआरएम ने रेलवे कॉलोनी में पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता की स्थिति की जांच कर स्पष्ट किया कि रेल कर्मियों और उनके परिवारों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण प्रदान करना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीआरएम ने तकनीकी खंड के निरीक्षण के दौरान ट्रेनों की समयबद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए जीरो-डिफेक्ट रख रखाव पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को नवाचार और कार्यकुशलता बढ़ाने हेतु प्रेरित किया।

निरीक्षण के समापन पर मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न शाखा अधिकारियों के साथ कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि टीम वर्क और बेहतर समन्वय ही सोनपुर रेल मंडल को उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।​ यह निरीक्षण न केवल बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक कदम है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के प्रति रेल प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *