रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स द्वारा जिला सम्मेलन का आयोजन 15 अप्रैल को बोकारो के सेक्टर चार स्थित बुद्ध विहार भवन में आयोजित किया गया। जिला सम्मेलन कार्यक्रम में बोकारो जिला उपायुक्त सहित जिले के जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं गणमान्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार जेयूजे के कार्यक्रम में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, बोकारो विधायक श्वेता सिंह, चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक, चास मेयर भोलू पासवान एवं उप महापौर पूजा कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि लोकतंत्र के चार स्तंभों में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि खबरों की विश्वसनीयता बनाए रखना पत्रकारों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

कहा कि वे प्रतिदिन विभिन्न समाचार पत्रों का अध्ययन कर जनमत का विश्लेषण करते हैं, क्योंकि समाचार पत्र समाज को दिशा देने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बोकारो को राज्य का नंबर वन जिला बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता जताई।
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने पत्रकारों से सत्य के साथ खड़े रहने की अपील की। विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे सही और तथ्यात्मक खबरों को जनता तक पहुंचाएं। विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि पत्रकारों की लेखनी में अपार शक्ति होती है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। उन्होंने पत्रकारों को निष्पक्षता बनाए रखने की सलाह दी।

नगर निगम चास के मेयर भोलू पासवान ने कहा कि स्थानीय समस्याओं को उजागर करने में पत्रकारों की भूमिका अहम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार और प्रशासन के समन्वय से क्षेत्र का विकास संभव है। उप महापौर पूजा कुमारी ने कहा कि पत्रकार समाज के हर वर्ग की आवाज बनकर कार्य करते हैं। उन्होंने पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता एवं समाज में उसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन ने पत्रकारों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक सजग रहने का संदेश दिया गया।
![]()













Leave a Reply