Advertisement

अंबेडकर जयंती पर डीसी ने समावेशी भारत के निर्माण के संकल्प की दिलाई शपथ

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को जिला के हद में चास स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण के लिए तत्पर रहने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर उपायुक्त झा ने कहा कि आप सभी भावी भारत हैं। आपका जीवन केवल व्यक्तिगत दायरे तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन से सीख लेने की अपील करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और कुरीतियों को समाप्त करने का कार्य किया तथा सामाजिक न्याय आधारित समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया।

कार्यक्रम के दौरान संविधान, 26 जनवरी के महत्व और देश की एकता-अखंडता पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर अधिवक्ता सहबाज अख्तर ने शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का संदेश देते हुए युवाओं को जागरूक किया।
मौके पर उपस्थित सभी गणमान्य जनों ने सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने की शपथ ली। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आकर्षण बढ़ाया, वहीं कई पदाधिकारी और शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *