प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में सरिया थाना क्षेत्र में 14 अप्रैल की शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां अपनी पुत्री की कुएं में हुई मौत मामले से आक्रोशित विवाहिता के परिजनों ने ससुराल के घर को आग के हवाले कर दिया।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के चौधरीडीह गांव के श्याम नगर टोला में 26 वर्षीय विवाहिता बिंदिया देवी का शव कुएं से मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
मृतका के बारे में बताया जा रहा है कि वह स्थानीय रहिवासी चंदन कुमार की पत्नी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिंदिया देवी ने कुएं में कूदकर जान दे दी, हालांकि यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर घरेलू विवाद के कारण हत्या की गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि विवाहिता के मौत की सूचना मिलते ही हजारीबाग जिला के हद में बरही क्षेत्र से मृतका के मायके वाले पहुंचे। जानकारी पाकर परिजन आक्रोशित हो गए। बेटी का शव देखते ही उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने ससुराल पक्ष के घर को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए दो थानों की पुलिस बल गांव में कैंप कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और मायके पक्ष की भी तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
![]()













Leave a Reply